हल्द्वानी। उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत ने बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में उच्चशिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। मंत्री ने बताया कि जल्द ही छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनने के लिए हल्द्वानी, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ आदि स्थानों पर छात्र मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुधारने पर जोर देते हुए कहा कि अभी भी तमाम स्थानों से छात्रों की समस्याओं का समाधान न होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं के साथ ही रिजल्ट समय से घोषित हो सके, इसके कड़े निर्देश दिए। बैठक में उच्चशिक्षा मंत्री ने प्रभारी उच्चशिक्षा निदेशक को निर्देशित किया कि महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में इजाफा हो सके, इस पर अधिक ध्यान दिया जाए।