हल्द्वानी। पिछले एक महीने में आधा दर्जन से अधिक नलकूपों की मोटर फुंक चुकी है। इनमें से अधिकांश ट्यूबवेल नलकूप खंड के अधीन होने से इनकी मरम्मत नहीं हो रही है। क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी पेयजल किल्लत झेल रही है। पूरे क्षेत्र में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है।
क्षेत्र के रामपुर रोड गली नंबर नौ स्थित वन निगम डिपो परिसर, जीतपुर नेगी, पीपल पोखरा नंबर एक, घूनी नंबर एक, हरिपुर नायक, छड़ायल नयाबाद के नलकूपों की मोटरें फुंकी हैं। हरिपुर नायक का नलकूप जलसंस्थान के अधीन है। शेष पांच ट्यूबवेल नलकूप खंड के पास हैं। क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। जलसंस्थान के अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद नलकूप ठीक नहीं किए गए हैं। वहीं जलसंस्थान क्षेत्रवासियों को राहत देने में नाकाम साबित हो रहा है। न तो मोटरें वक्त पर ठीक हो पा रही है और न ही टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द नलकूप ठीक कराने और प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल वितरित किए जाने की मांग की है।