हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। एसटीएच में एलायजा जांच की किट नहीं पहुंची है। नौ दिनों में 90 मरीजों को बिना एलायजा जांच के लौटना पड़ा। दो दिन के भीतर एसटीएच में 12 रोगी भर्ती हुए हैं।
कुमाऊं का सबसे बड़ा अस्पताल होने के कारण एसटीएच में सबसे अधिक मरीज आते हैं। आठ अक्तूबर को एसटीएच में डेंगू की एलायजा जांच में प्रयोग होने वाली किट खत्म हो गई थी। एसटीएच के एमएस डॉ. एके पांडे ने बताया कि एक दिन में लगभग 10 से 15 मरीजों की इस समय एलायजा जांच हो रही है। जिला मलेरिया अधिकारी अर्जुन राणा को बता दिया गया था कि एलायजा किट खत्म हो गई है। बताया कि नौ दिनों में लगभग 90 मरीजों की एलायजा जांच नहीं हो पाई है। खास बात ये है कि डेंगू मरीज मानने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ये तर्क देते हैं कि एलायजा जांच के बिना डेंगू नहीं मानते हैं। अब बिना एलायजा जांच के मरीजों का इलाज हो रहा है। डॉ. पांडे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से दीपावली बाद डेंगू किट आने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डेंगू के कुल 26 रोगी भर्ती हैं। जबकि शनिवार, रविवार को तीनपानी निवासी वैभव (17), हल्द्वानी निवासी समशुल (13), हल्द्वानी निवासी हेमंत मठपाल (48), बिजनौर यूपी निवासी मो. नासिर (40), बरेली निवासी लियाकत अली (35), अफजलगढ़ निवासी शाहरूख (22), नवाबी रोड निवासी नीरज (45), अफजलगढ़ निवासी रुस्तम (10), बिजनौर निवासी मुस्कान (13) को भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर जिला मलेरिया अधिकारी अर्जुन राणा ने बताया कि दो दिन के भीतर एलायजा किट आने की उम्मीद है।
एसटीएच में डेंगू के दो दर्जन से अधिक मरीज भर्ती
दीपावली बाद किट आएगी, दो दिन में भर्ती आध दर्जन से अधिक मरीज