लालकुआं/हल्द्वानी। हाथी से संघर्ष में तेंदुए को जान गंवानी पड़ी। जंगल में गश्त के दौरान वन विभाग के दल को तेंदुए का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। पोस्टमार्टम कराने के बाद तेंदुए के शव को जला दिया गया है।
तराई पूर्वी वन प्रभाग के वनरक्षक धन सिंह अधिकारी, धर्मानंद पाठक लालकुआं के देवरामपुर जंगल में गश्त कर रहे थे। इस बीच बीट संख्या 11 में तेंदुए का शव पड़ा मिला। उसका पेट फटा था और आंतें बाहर निकली थीं। मौके पर तेंदुए और हाथी के आपसी संघर्ष के निशान थे। एसडीओ डीएम मर्तोलिया, रेंजर गणेश त्रिपाठी ने आशंका जताई कि हाथी ने तेंदुए को पैर से कुचल दिया होगा और पेट फटने से उसकी मौत हुई होगी। वनकर्मियों के दल ने तेंदुए के शव को रेंज कार्यालय पहुंचाया। जहां पशु अस्पताल की डॉ. वंदना यादव, डॉ. नीलेंद्र जोशी शव का पोस्टमार्टम किया। बाद में शव को जला दिया गया।