रानीखेत (अल्मोड़ा)। प्रदेश के 17 राजकीय महाविद्यालयों में संचालित स्ववित्त पोषित बीएड पाठ्यक्रम को राज्यपोषित करने की मांग को लेकर बीएड छात्र-छात्राओं ने अनिश्चितकाल के लिए कक्षाओं का बहिष्कार शुरू कर दिया है। मालूम हो कि पाठ्यक्रम को राज्यपोषित करने की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं लंबे समय से संघर्षरत हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद सरकार की कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। इससे पूर्व छात्र-छात्राएं जुलूस प्रदर्शन, कक्षाओं का सांकेतिक बहिष्कार, काले फीते बांधकर प्रदर्शन कर चुके हैं। कहा कि स्व वित्तपोषित पाठ्यक्रम की भारी भरकम फीस वहन करने में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी सक्षम नहीं हैं, राज्यपोषित कालेजों में यह कोर्स मात्र 12 हजार रुपये में हो रहा है। बहिष्कार करने वालों में ललित कांडपाल, शिवालिका नेगी, हेमंत अधिकारी, नेहा हरिप्रिया, अक्षय फुलारा, मनोज नेगी, अजय कुमार, पूजा, पूजा आर्या, चेतना, भावना, सुरेश सहित तमाम छात्र शामिल थे।