हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में एमएससी के बाद अब एमए के विभिन्न विषयों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमए के राजनीति विज्ञान विषय की 80 सीटों पर दाखिले के लिए सबसे अधिक मारामारी है। इस विषय में 698 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। स्नातकोत्तर की 900 सीटों के लिए चार हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक एमए राजनीति विज्ञान में 80 सीटों के सापेेक्ष 698, एमए इतिहास में 490, एमए समाजशास्त्र में 478, एमए अंग्रेजी में 318, एमए अर्थशास्त्र में 282, एमए हिंदी में 119, एमए संस्कृत में प्रवेश के लिए 68 आवेदन आए हैं। इसी तरह एमए शिक्षाशास्त्र की 50 सीटों के सापेक्ष 172, मनोविज्ञान की 50 सीटों के सापेक्ष 128, एमए गृहविज्ञान की 40 सीटों के सापेक्ष 34, गणित की दस सीटों पर 68, एमए भूगोल की 20 सीटों पर 136, एमए संगीत की 20 सीटों पर 33, एमए योग की 60 सीटों पर 94, योगा पीजी डिप्लोमा की 40 सीटों के सापेक्ष 38, इंटीरियर डेकोरशन की 40 सीटों के सापेक्ष 55 प्रवेश फार्म आवेदन जमा हुए हैं।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. नवीन भगत ने बताया कि मेरिट में चयनित विद्यार्थियों के दाखिले की ऑनलाइन संस्तुति प्रवेश कमेटी द्वारा की जाएगी, इसके बाद विद्यार्थी प्रवेश शुल्क जमा करेंगे। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रवेश की संस्तुति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इंटीरियर एंड एक्सटीरियर डिप्लोमा कोर्स में 20 सीटें बढ़ी
हल्द्वानी। कुमाऊं विवि ने एमबीपीजी कॉलेज में संचालित इंटीरियर एंड एक्सटीरियर डेकोरेशन डिप्लोमा कोर्स में 20 सीटें और बढ़ा दी हैं। अब इस पाठ्यक्रम में 40 सीटों पर प्रवेश होंगे। विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर नैनवाल ने बताया कि कुमाऊं विवि की ओर से 20 और सीटें बढ़ाने की अनुमति शनिवार को ही प्राप्त हुई है। कोर्स में दाखिला लेने के लिए इच्छुक छात्रों को विभाग में जल्द से जल्द संपर्क करना होगा।