रानीखेत (अल्मोड़ा)। नवगठित चिलियानौला रानीखेत नगर पालिका में पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण के बाद अब कार्यालय की तलाश शुरू हो गई है। फिलहाल प्राचीन शिव मंदिर के निकट शिक्षक भवन को अस्थायी कार्यालय के रूप में खोलने की शुरुआत हो गई है। एक हफ्ते के अंदर कार्यालय अस्तित्व में आ जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड की तलाश भी शुरू हो चुकी है।
चिलियानौला पूर्व में बधाण ग्राम पंचायत का हिस्सा था। जिस कारण यह इलाका आधारभूत समस्याओं से जूझ रहा है। विकास के नाम पर यहां सार्वजनिक शौचालय तक नहीं है। कस्बा तेजी से विकसित हो रहा है। योजनाबद्ध तरीके से कस्बा विकसित हो इसीलिए यहां नगरपालिका का गठन किया गया है।
अब नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ लेकर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। तय हुआ है कि शिव मंदिर के निकट खाली पड़े शिक्षक भवन में फिलहाल कार्यालय खोला जाएगा। वहां बिजली, पानी, शौचालय, संचार सुविधा उपलब्ध कराने की कवायद शुरू हो गई है। एक हफ्ते के अंदर यहां कार्यालय अस्तित्व में आ जाएगा। वर्तमान में नगर पालिका का कार्यालय यहां तीन किमी दूर रानीखेत तहसील में संचालित हो रहा है। शिक्षक भवन चिलियानौला बाजार से लगा हुआ है। जिस कारण लोगों को भी काम कराने में वहां सहूलियत होगी।