हल्द्वानी। अंतरराज्यीय बस अड्डे को शिफ्ट करने सहित अन्य पुराने विवादों को निकाय चुनाव में हवा मिलने की आशंका से घबराई भाजपा अब जवाबी रणनीति तैयार करने में जुटेगी। इसके लिए 25 अप्रैल को हल्द्वानी में कुमाऊं संभाग की बैठक आयोजित की जा रही है।
सत्ताधारी दल होने के कारण भाजपा को इस समय झंझावात से गुजरना पड़ रहा है। अंतरराज्यीय बस अड्डे को गौलापार से शिफ्ट करने के विवाद में भाजपा की खासी किरकिरी हुई। नोटबंदी और जीएसटी के नकारात्मक प्रभाव से भाजपा उबर भी न पाई थी कि हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी प्रकाश पांडे की मौत ने उसे बैक फुट पर आने को मजबूर किया। पिछले कुछ समय में इन विवादों की आंच कम हुई तो भाजपा नेताओं को राहत मिली। अब निकाय चुनाव में इन विवादों को फिर से हवा मिलने की आशंका है। इन मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश खासी सक्रिय भी हैं। ट्रांसपोर्ट व्यवसायी प्रकाश पांडे के परिजनों को इंदिरा ने अपनी तरफ से सात लाख रुपये देकर सत्ता पक्ष को कठघरे में खड़ा भी किया था। भाजपा के रणनीतिकारों की मानें तो इन मुद्दों का निकट भविष्य में समाधान भी नहीं दिख रहा है। अंतरराज्यीय बस अड्डे की नई भूमि का शिलान्यास होने पर ही भाजपा को रेस में आगे रहने का आधार मिल पाएगा। ऐसे ही सारे मामलों पर बातचीत करने के लिए अब 25 अप्रैल को कुमाऊं संभाग की बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री, कुमाऊं मंडल में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, जिलों और मंडलों के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
अब मंथन करेगी भाजपा, कुमाऊं संभाग की बैठक 25 को
राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश सहित अन्य नेता होंगे शामिल