हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिला नहीं मिलने से गुस्साए छात्रों ने शुक्रवार को विरोध कर काउंटरों को बंद कराकर प्रवेश प्रक्रिया को रोक दिया।
कॉलेज प्रशासन ने प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर में जिन छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में सीओपी आई है या फिर जो द्वितीय सेमेस्टर में फेल हैं उन्हें किसी हाल में दाखिला देने से इनकार कर दिया है। इधर, छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक कुमाऊं विश्वविद्यालय का कोई प्रतिनिधि कॉलेज में आकर छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं करेगा तब तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं होने दी जाएगी।
एमबी कॉलेज में इस समय बीएससी और बीकॉम द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। स्नातक प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा परिणाम की अंकतालिकाओं में खामियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सीओपी आने के कारण दाखिले नहीं हो पा रहे हैं।
प्रभारी प्राचार्य डा. लीला तिवारी ने परीक्षा परिणाम में सीओपी (कैरीओवर पेपर) आने वाले विद्यार्थियों को दाखिला देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो छात्र सेमेस्टर परीक्षा में क्लीयर पास होगा उसे ही अगले सेमेस्टर में दाखिला दिया जाएगा। इधर, सेमेस्टर में दाखिले की समस्या दूर न होने पर छात्रों ने शुक्रवार दोपहर काउंटर बंद करवा दिए। विरोध करने वालों में छात्रनेता गजेंद्र सम्मल, गौरव सनवाल, रवि यादव, हिमांशु जोशी, राहुल आगरी, रोहित रावत, भुवन पांडेय, सूरज रमोला, कार्तिक दरम्वाल आदि थे।
जो विद्यार्थी द्वितीय सेमेस्टर में फेल हैं और तीसरे सेमेस्टर में उत्तीर्ण हो गए हैं उन्हें विश्वविद्यालय के नियमों के तहत चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिला नहीं दिया जा सकता, ऐसे छात्रों को पहले द्वितीय सेमेस्टर क्लीयर करना होगा। - डा. लीला तिवारी, प्रभारी प्राचार्य एमबी कालेज
स्नातक द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिला नहीं दिए जाने पर गुस्साए छात्र