नैनीताल। हाइकोर्ट के आदेश के बाद अब जिला प्रशासन ने पार्किंग विहीन 77 होटलों के संचालकों को नोटिस जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि यदि कमरों के अनुपात में 50 फीसदी पार्किंग सुविधा नहीं होगी तो होटल को सील कर दिया जाएगा। सीलिंग की यह कार्रवाई 15 सितंबर से शुरू होगी।
हाइकोर्ट ने पर्यटन सीजन के दौरान शहर की अस्तव्यस्त हो चुकी यातायात व्यवस्था को देखते हुए अगस्त में पार्किंग विहीन होटलों के 50 फीसदी कमरों के स्थान पर पार्किंग बनाने के निर्देश दिए थे। कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने होटलों में पार्किंग की स्थिति का अध्ययन करने के लिए जांच समिति का गठन किया था। कमेटी ने शहर के 141 होटलों का निरीक्षण किया था। कमेटी के सदस्य अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरवीर सिंह ने अब 77 होटल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। एडीएम ने बताया कि यदि इन होटल संचालकों ने कमरों के 50 फीसदी के बराबर पार्किग उपलब्ध नहीं कराई तो 15 सितंबर से होटलों की सीलिंग की कार्रवाई शुरू की जाएगी।