नैनीताल। चाचा के घर में रहकर पले बढ़े और मूल रूप से रानीखेत के जैनोली गांव निवासी योगेश सिंह मेहरा का चयन पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। योगेश वर्तमान में गंगोलीहाट में बतौर बीईओ कार्यरत हैं।
योगेश ने मैलरोज कंपाउंड निवासी चाचा ध्यान सिंह मेहरा के घर पर रहकर कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ में नवीं और दसवीं शहीद सैनिक विद्यालय और इंटरमीडिएट की शिक्षा सीआरएसटी कॉलेज से प्राप्त की। बीएससी और एमए राजनीति शास्त्र की परीक्षा एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ में विज्ञान के शिक्षक और योगेश के चाचा ध्यान सिंह मेहरा ने बताया कि उसने 2010 और 2011 में लोअर पीसीएस उत्तीर्ण किया था। 2003 में इंटरमीडिएट के दौरान योगेश ने बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने नेट और सैट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। योगेश के पिता फौज से सेवानिवृत्त हैं, माता गंगा मेहरा गृहणी हैं। परिवार में तीन छोटे भाई आदित्य, अर्जुन और धनंजय के अलावा दो बहनें कुसुम और सीमा हैं। योगेश ने उपलब्धि का श्रेय चाचा ध्यान सिंह, चाची कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में तैनात कविता मेहरा, प्रधानाचार्या तारा बोरा, व्यवस्थापक ज्योति प्रकाश, पूर्व प्रधानाचार्य इंद्र लाल साह को दिया है। उनका कहना है कि वह प्रशासनिक क्षेत्र में रहकर लोगों की सेवा करना चाहते हैं। योगेश की इस उपलब्धि पर परिजनों के अलावा व्यवसायी भुवन सिंह फर्त्याल, देवराज सिंह फर्त्याल और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है।
फोटो 28 बीटीएल 02 पी और 03 पी