चोरगलिया (नैनीताल)। नंधौर नदी के पानी के डायवर्जन को लेकर चल रहे विवाद को सुलझा लिया गया है। नानकमत्ता के विधायक प्रेम सिंह राणा ने रविवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें तय हुआ कि 60 प्रतिशत पानी नंधौर और 40 प्रतिशत पानी देवहा नदी में छोड़ा जाएगा।
सिंचाई विभाग ने नंधौर नदी में डायवर्जन किया था जिससे देवहा नदी में अचानक नंधौर का पानी चलने लगा। इससे ऊध सिंह नगर के भूड, टुकड़ी बिचुआ, गोला पीपल आदि गांवों जलभराव हो गया। इस मामले में नानकमत्ता के विधायक ने डायवर्जन हटाने की मांग की थी लेकिन इस बात का चोरगलिया क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया था। इस पर विधायक ने सिंचाई विभाग की टीम, तहसीलदार और सिंचाई खंड हल्द्वानी के ईई व जनप्रतिनिधियों के साथ चोरगलिया सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में बैठक की।
दोनों पक्षों ने पहले डायवर्जन स्थल के पानी को देखा। उस जगह नंधौर नदी में 60 प्रतिशत और देवहा में 40 प्रतिशत के हिसाब से डायवर्जन किया गया था। इससे विधायक संतुष्ट रहे। उन्होंने दुभेल भीड और आमखेड़ा से देवहा नदी में पानी जाने की आशंका पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जांच कर वहां से पानी को बंद करने के निर्देश देकर विवाद सुलझाया। इस मौके पर अधिशासी अभियंता तरुण बंसल, एसडीओ आनंद सिंह नेगी, रोहित जोशी, नंदन बोरा, भावना बजेठा, कमल दुर्गापाल, भुवन पोखरिया, दीपक चौसाली आदि थे।