हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी की शिकार महिला के 56 हजार रुपये बचा दिए। साइबर सेल ने लगातार दूसरे दिन यह सफलता हासिल की है।
अफसर कॉलोनी हीरानगर निवासी कविता विश्वकर्मा ने कोतवाली में पिछले साल 29 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। कहा कि उसकी सास सावित्री देवी के खाते से ठगों ने 82 हजार 500 रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए हैं। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। कोतवाल संजय कुमार ने मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी को दी। मामले में पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। ई मेल के माध्यम से साइबर सेल ने पीड़िता के खाते में 56 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की। बता दें कि सोमवार को भी साइबर सेल के प्रयास से एक पीड़ित को दस हजार रुपये वापस मिल गए थे।