हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट शुक्रवार को जसपुर से लेकर हल्द्वानी तक सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहना कर स्वागत किया।
हल्द्वानी में ब्लाक कार्यालय के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाने के साथ जमकर आतिशबाजी की। साथ ही ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद काफिला भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय की तरफ बढ़ा। रास्ते में कपिल कांपलेक्स आदि जगहों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प बरसाये। भाजपा कार्यालय पर काफिला पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान पूर्व सांसद व केंद्रीय मंत्री बची सिंह रावत, विधायक बंशीधर भगत, नवीन चंद दुम्का, प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट, कुमाऊं मंडल विकास निगम के अध्यक्ष केदार जोशी, मेयर डॉ.जोगेंद्र रौतेला, जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रकाश रावत, नवीन पंत, सुरेश जोशी, अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक की।
भाजपा ने भट्ट के स्वागत के जरिए किया शक्ति प्रदर्शन
दोनों जिलों में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे
प्रदेश की पांचों सीट पर जीत पक्की : भट्ट
हल्द्वानी। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर जीत पक्की है। प्रत्याशी के साथ प्रदेश अध्यक्ष होने के कारण पांचों सीटों पर प्रचार समेत दूसरे कामों पर समन्वय के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। सब व्यवस्था पुख्ता करने के साथ जिम्मेदारी तय कर दी गई है। मुख्यमंत्री भी चुनाव के समय एक सामान्य कार्यकर्ता होते हैं, वह भी कार्यालय में बैठेंगे। साथ ही भाजपा कैडर आधारित पार्टी है।
पत्रकारेां से बातचीत में अजय भट्ट ने कहा कि हमारी पूरी तैयारी है। नामांकन के बाद प्रचार सामग्री पहुंच जाएगी। उन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनको सामान्य शिष्टाचार और मर्यादा का ख्याल तक नहीं रखा है, उन्होंने देहरादून में प्रधानमंत्री को चोर कहते हुए गाली दी जबकि वह उनके पिता तुल्य है। 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय युद्ध हुआ था, उस वक्त अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी तारीफ की थी। यहां पर सर्जिकल स्ट्राइक का साक्ष्य मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा देश की सुरक्षा है। देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है, वह दोबारा उनको प्रधानमंत्री बनाना चाहती है। जबकि स्थानीय स्तर पर जमरानी बांध को लेकर कोशिश करेंगे। जमरानी बांध पर सांसद भगत सिंह कोश्यारी के प्रयास से काफी काम हो भी चुका है। रिंग रोड, एचएमटी भी उनके एजेंडे में है।