रामनगर (नैनीताल)। मोहान-चिमट्टाखाल मार्ग पर हाथी ने एक बार जमकर उत्पात मचाया। पहले तो हाथी ने मानिला जा रही रोडवेज बस के शीशे पर सूंड़ मारी, इसके बाद बस को एक फीट हवा में उठा दिया। यात्रियों ने शोर मचाया तो परिचालक ने उन्हें शांत करा दिया। इसके बाद हाथी ने अन्य गाड़ियों को निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़े। साथ ही एक डंपर में लदे राशन को खाया। वहीं, सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने पटाखे फोड़े, तब जाकर हाथी जंगल की ओर गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
बुधवार सुबह चार बजे दिल्ली से मानिला जा रही रामनगर डिपो की बस (यूके-07पीए-3160) जब मोहान से चिमट्टाखाल की ओर चली तभी कुछ दूरी पर हाथी अचानक सड़क पर आ गया। हाथी को देखकर बस चालक अनिल कुमार ने बस रोक दी और बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। तभी हाथी ने बस के शीशे पर अपनी सूंड़ मारी, इससे शीशा थोड़ा सा टूट गया। इसके बाद हाथी ने बस को एक फीट हवा में उठा दिया। इससे बस में बैठी सवारियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी बीच, परिचालक पुरुषोत्तम प्रकाश ने सभी सवारियों को चुप रहने को कहा। जैसे ही हाथी पीछे की ओर गया चालक ने बस दौड़ा दी। इसके बाद हाथी डंपर में लदे सब्जी, दाल, अनाज आदि को खाने लगा। हाथी को खाता देख चालक ने डंपर को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया और फिर तेजी से डंपर लेकर चला गया।