द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर के बग्वाई कौथिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर यहां मीना बाजार सजाई गई। जिसमें दूर दराज के ग्रामीण खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इससे पूर्व शनिवार की रात्रि विनोद आर्या म्यूजिकल ग्रुप देवभूमि मां शारदे लोक कला मंच अल्मोड़ा के कलाकारों ने लोक गीतों और नृत्यों के माध्यम से समा बांध दिया। लोक गायक रमेश गोस्वामी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
उन्होंने दर्शकों की फरमाइश पर कई लोकगीत गाए। समापन अवसर पर नीलम बिष्ट, कांता भंडारी, दया नेगी, दीपा पांडेय, बबिता पाठक आदि को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। बग्वाली मेला समिति ने जी राया, जागि राया, य दिन य मास भेटने राया आदि आशीर्वचनों के साथ लोगों को शुभकामनाएं दीं।
बग्वाई कौथिक को सफल बनाने में डॉ. दीपक मेहता, डॉ. संतोष बिष्ट, त्रिभुवन बिष्ट, प्रमोद जोशी, हरी सिंह भंडारी, मनोज पांडे, अर्जुन बिष्ट, विनोद अधिकारी, जीवन अधिकारी, शिव दत्त पांडे, जगत सिंह नेगी, कुंदन भंडारी आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इससे पहले क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मेले के संरक्षण पर जोर दिया। मालूम हो कि बग्वाई कौथिक का गौरवशाली इतिहास रहा है। पहले यहां पत्थरों की बग्वाल खेली जाती थी, अब यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।