हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में दाखिले की मांग को लेकर बुधवार को एबीवीपी और एनएसयूआई ने प्राचार्य का घेराव कर हंगामा किया। करीब ढाई तक चले हंगामे के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय को पोर्टल खोलना पड़ा। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को 31 अगस्त तक दाखिला करने का आश्वासन दिया।
छात्रों की मांग पर प्राचार्य डा. रेखा पांडे बीकॉम और बीएससी में रिक्त सीटों पर दाखिले करने के लिए सहमत हो गईं, लेकिन इसके लिए कुमाऊं विवि की अनुमति आवश्यक होने की वजह से मामला उलझ गया। प्राचार्य ने हंगामे के बीच ही कुलपति प्रो. डीके नौडियाल से वार्ता की। कुलपित ने करीब एक घंटे बाद प्राचार्य को कुमाऊं विवि में आनलाइन दाखिले के लिए पोर्टल खोलने की जानकारी दी। इसकी सूचना मिलने के बाद ही छात्र शांत हुए। इस दौरान एनएसयूआई के गौरव सम्भल, हर्षित जोशी, चंद्रशेखर जोशी, अजय शर्मा, एबीवीपी के चंद्र प्रकाश तिवारी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, आदि मौजूद रहे।
ईवीएम से चुनाव कराने पर आपत्ति
हल्द्वानी। छात्रनेता दीपक मेहरा समेत कई छात्रनेताओं की ईवीएम से चुनाव कराने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ईवीएम से चुनाव कराने में किसी तरह की जल्दबाजी न की जाए। छात्रों की मांग थी कि ईवीएम से चुनाव कराने से पूर्व सभी छात्रसंघ पदाधिकारियों व पूर्व छात्रनेताओं से चर्चा की जाए।