हल्द्वानी। जिले के बार्डर पर आधुनिक तकनीकी से लैस सेंसर कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे साढ़े चार किमी तक वाहनों के नंबर प्लेट की तस्वीरें कैद कर लेंगे। शहर के अंदर और बाहर कैमरे लगाने के लिए पुलिस ने 50 स्थान चिन्हित किए हैं।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने सीसीटीवी लगाने के लिए थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए थे। इसी आधार पर पुलिस कर्मियों ने 50 स्थान चिन्हित कर लिया है। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी लगाने के लिए ओएफसी बिछाना होगा। इस काम का स्टीमेट तैयार करने के लिए पीडब्लूडी को जिम्मेदारी दी गई है। अभी रामपुर रोड टांडा बैरियर, बरेली रोड के मोतीनगर बैरियर सहित जिले की अन्य संवेदनशील सीमाओं के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पीटीजेड कंपनी के सेंसर युक्त कैमरों को लगाएंगी। ये कैमरे अपनी कई खूबियों से लैस होंगे। सेंसर युक्त कैमरे गाड़ियों की नंबर प्लेट की फोटो काफी दूर से कैद कर लेंगे। बता दें कि शहर में सिटी कंट्रोल रूम के सीसीटीवी से 30 कैमरे वर्तमान में निगरानी रख रहे हैं। शहर में आपराधिक वारदातें होने के बाद कैमरों की जरूरत पड़ी है। इस मामले में हाईकोर्ट ने भी कैमरे लगाने के लिए शासन पर गंभीर टिप्पणी की है। जिला पुलिस की पहल पर जिला पुलिस को सुरक्षा के लिए पर्याप्त सीसीटीवी लगाने के लिए जनप्रतिनिधियों से 30 लाख रुपये मिले हैं। पुलिस मुख्यालय ने भी पांच लाख रुपये प्रदान किया है। अभी शासन से पैसा मिलना बाकी है।
साढ़े चार किमी की दूरी से वाहनों के नंबर प्लेट की तस्वीर कैद करने की है क्षमता
50 स्थान चिन्हित किए हैं पुलिस ने कैमरे लगाने के लिए
पलक झपकते गाड़ियों के नंबर को कैद कर लेगा से कैमरा
पीटीजेड कंपनी निर्मित थर्मल इमेज से लैस कैमरे साढ़े चार किमी दूर स्थित गाड़ियों का फोटो कैद कर लेंगे। अच्छा लेंस होने के कारण ये कैमरे चलती गाड़ियों के नंबर को आसानी पढ़ लेंगे। वाहनों का नंबर मिलने से पुलिस की परेशानियां काफी कम हो जाएगी। अपराधी और वन्य जीव तस्करों की बैरियर के आस पास की हरकत कैमरे में कैद हो जाएगी।