हल्द्वानी। जलनिगम ने विश्वबैंक को सात पेयजल योजनाओं के प्रस्ताव भेजे हैं। विश्वबैंक को भेजी गई सात पेयजल योजनाओं में से चार योजनाओं को जल्द मंजूरी मिलने की प्रबल संभावना है। इन योजनाओं के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। अन्य तीन परियोजनाओं को दूसरे चरण के लिए प्रस्तावित किया गया है।
जलनिगम विश्वबैंक परियोजना के ईई हिमांशु वर्मा ने बताया कि परियोजना के तहत पूरे प्रदेश की योजनाओं के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इसमें से हल्द्वानी की योजनाओं के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में तल्ली हल्द्वानी, गौजाजाली उत्तर, कुसुमखेड़ा, फतेहपुर दमुवाढूंगा के लिए नई पेयजल योजनाओं के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इन योजनाओं को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि विश्वबैंक परियोजना के तहत क्षेत्र की सात पेयजल योजनाएं भेजी गई हैं। इनमें से तीन योजनाओं को दूसरे चरण में मंजूरी मिलने की संभावना है। चारों पेयजल योजनाओं के स्वीकृत होने पर नए ट्यूबवेल स्थापित कर प्रस्तावित क्षेत्रों के लोगों के लिए नई पेयजल लाइनें बिछाई जाएंगी, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के मंजूर होने पर क्षेत्र की करीब 25 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के अगस्त पहले सप्ताह तक मंजूर होने की उम्मीद है।
200 करोड़ रुपये की हैं प्रस्तावित पेयजल योजनाएं
गौजाजाली उत्तर, तल्ली हल्द्वानी, कुसुमखेड़ा, फतेहपुर दमुवाढूंगा में बनेंगी योजनाएं