गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार रात नावली के पास कैंटर और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कैंटर कोसी नदी में जा गिरा। हादसे में कार चालक घायल हो गया, जबकि कैंटर चालक ने कूदकर जान बचाई।
कैंटर यूके05सीए 0655 बृहस्पतिवार रात दस बजे बागेश्वर से खड़िया लेकर हल्द्वानी जा रहा था कि नावली के पास सामने से आ रही कार यूके 05टीए 2245 से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की दिशा बदल गई और कार चालक घायल हो गया। हादसे के बाद खड़िया से लदा कैंटर कोसी में जा गिरा और खड़िया के कट्टे नदी में बिखर गए। सूचना पर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल दर्शन चौधरी, जगदीश बिष्ट, महेंद्र पाल, पूरननाथ मौके पर पहुंचे। घायल कार चालक कमलापति (38) पुत्र गंभीर राम निवासी बेड़ा मुनस्यारी पिथौरागढ़ को निजी वाहन से सीएचसी खैरना पहुंचाया गया, जहां उपचार किया गया। वहीं हादसे में कैंटर चालक आनंद बल्लभ पुत्र स्व. नथवादत्त निवासी तल्ली हल्द्वानी बाल-बाल बच गया।