सम्मेलन में बोलती प्रदेश उपाध्यक्ष नीमा कोठारी।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि हर हाल में दस मई तक कॉलेज इकाई का गठन का काम पूरा हो जाए ताकि छात्रों की समस्याओं को हल कराने में कार्यकर्ता प्रमुख भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि इस बार सभी महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव से एक माह पहले ही एनएसयूआई प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। टिकट उसी कार्यकर्ता को दिया जाएगा जिसकी छात्र-छात्राओं में अच्छी पकड़ होगी।
कालाढूंगी रोड पर एक बारात घर में आयोजित एनएसयूआई के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ पदाधिकारियों की अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रहीं हैं उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी। राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी करिश्मा ठाकुर ने आरोप लगाया कि उच्चशिक्षा का भगवाकरण करने का काम भाजपा कर रही है।
जेएनयू हो या दूसरे विश्वविद्यालय, वहां सरकार अपरोक्ष रूप से हस्तक्षेप कर गैर भाजपाई छात्रसंगठनों को तोड़ने का काम किया जा रहा है। राष्ट्रीय सचिव सुमित्तर भुल्लर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी को एकजुट होकर आगामी छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई का परचम सभी महाविद्यालयों में लहराना है। जिलाध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने संगठन गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नीमा कोठारी, प्रियंका जोशी, ममता बिष्ट, जूही चुफाल, गुड्डूू सम्भल, शैलेंद्र दानू, सुरेंद्र सिंह फर्सवान, तनय भोजक, राहुल बिष्ट, सुरेंद्र नेगी, चंदन सम्भल, सूरज राय आदि ने विचार रखे।