ज्योलीकोट (नैनीताल)। कार चलाना सीख रहे 65 साल के मो. इलियास को जोखिम लेकर ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाना महंगा पड़ गया। उनकी सेंट्रो कार गेठिया के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में मो. इलियास की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार छह महीने पहले ही खरीदी थी।
नैनीताल-वीरभट्टी पैदल मार्ग में स्थित तल्ला कृष्णापुर निवासी मो. इलियास रविवार दोपहर एक बजे पत्नी नगीना के साथ कार यूके 04/9334 में गेठिया भवाली की ओर घूमने गए थे। वापसी में गेठिया सैनिटोरियम, गेठिया पड़ाव के बीच छिनकुवा के पास अनियंत्रित होकर उनकी कार 250 मीटर गहरी खाई में चली गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग और स्थानीय युवा बचाव के लिए खाई में चले गए। थानाध्यक्ष मनवर सिंह भी पहुंचे। दोनों घायलों को खाई से निकालकर गेठिया सैनिटोरियम पहुंचाया। बाद में 108 की सहायता से भवाली भेजा गया। कुछ ही देर में इलियास ने दम तोड़ दिया, जबकि नगीना को भवाली से नैनीताल अस्पताल भेज दिया गया है। इलियास ठेकेदारी करते थे। उनकी बेटी मुस्कान 13 साल की है। इलियास अपनी कार नैनीताल में ही रखते थे। पांच दिन पहले ही अपने कृष्णापुर आवास में लाए थे।