नैनीताल। एनएच 74 भूमि मुआवजा आवंटन घोटाले में गिरफ्तार पूर्व विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी यूएसनगर डीपी सिंह, निलंबित एसडीएम काशीपुर भगत सिंह फोनिया समेत 12 आरोपियों की न्यायिक रिमांड जिला एवं सत्र न्यायाधीश नैनीताल / विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कुमकुम रानी की अदालत ने 4 जनवरी 2018 तक बढ़ा दी है।
एनएच घोटाले के मुख्य आरोपी डीपी सिंह को 24 नवंबर को एसआईटी ने गिरफ्तार किया था जबकि अन्य आरोपी इससे पहले गिरफ्तार हुए थे। उनकी न्यायिक रिमांड शनिवार को समाप्त हो गई थी। शनिवार को एसआईटी ने इन आरोपियों की न्यायिक रिमांड बढ़ाने का प्रार्थना पत्र अदालत में किया था। बाद में सभी आरोपियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग में जरिए अदालत के समक्ष पेश किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नैनीताल / विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कुमकुम रानी ने घोटाले के आरोप में गिरफ्तार सभी आरोपियों की न्यायिक रिमांड 4 जनवरी 2018 तक बढ़ा दी है। जिला शासकीय अधिवक्ता सुशील कुमार शर्मा के मुताबिक इस घोटाले के आरोपी एसडीएम भगत सिंह फोनिया व दो काश्तकारों की जमानत अर्जी अदालत पूर्व में ही खारिज कर चुकी है। बता दें वर्तमान में 12 आरोपियों में से दो आरोपी नैनीताल और 10 आरोपी हल्द्वानी जेल में बंद हैं।