हल्द्वानी। शहर के आदर्श नगर इलाके में डेंगू का प्रकोप रुक नहीं रहा है। शनिवार को भी इस इलाके से दो और लोगों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। आदर्श नगर के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के डेंगू पीड़ित तीन लोगों को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू प्रभावित आदर्श नगर में रोगियों के घरों में कीटनाशक का छिड़काव कराया।
आदर्श नगर हल्द्वानी निवासी गौतम गुप्ता (18) एवं चंद्रलोक आदर्श नगर निवासी चंद्रकला जोशी (80) के अलावा हीरानगर निवासी मरियम (40), लालकुआं निवासी भुवन मेलकानी (37), कठघरिया निवासी रिंकी पांडेय (25) को एसटीएच में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में दो पुराने रोगी भर्ती हैं। इसके बाद अस्पताल में डेंगू रोगियों की संख्या अब सात हो गई है। जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ अधिकारी नंदन कांडपाल ने बताया कि आदर्श नगर में डेंगू के रोगी लगातार मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में सर्वे शुरू कर दिया है। आशंका है कि बाहर से आए किसी रोगी के साथ डेंगू का वायरस यहां पहुंचा है। आदर्श नगर के 26 घरों में सर्वे करने के साथ ही चिह्नित रोगियों के घरों में कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। सोमवार को डेंगू परीक्षण के लिए कैंप लगाने की निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में फॉगिंग भी कराई जाएगी।