हल्द्वानी। उत्तराखंड के लिए बच्चे, बूढे़ से लेकर जवान तक 29 अगस्त को होने वाली रन फॉर उत्तराखंड के लिए दौड़ेगा। खेल मंत्री ने इससे संबंधित आदेश संबंधित अधिकारियों को दे दिए हैं। देहरादून में पिछले दिनों खेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर फैसला लिया गया था। इसके अलावा इस बैठक में अगले साल होने वाले राष्ट्रीय खेलों के सफलतापूर्वक आयोजन पर भी चर्चा हुई।
खेल मंत्री के आदेश पर खेल विभाग ने रन फॉर उत्तराखंड की तैयारी कर ली है। इसके अलावा शिक्षा, खेल, युवा कल्याण और पंचायती राज विभाग को ब्लॉक स्तर पर मैदान के हिसाब से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का जिम्मा सौंपा गया है। इसमें शिक्षा विभाग को स्कूल स्तर के खिलाड़ियों को लेकर आना होगा। जिला स्तर पर क्रास कंट्री रेस और हॉकी कराई जाएगी, साथ ही सुविधा के अनुसार एक और खेल कराना अनिवार्य होगा। राज्य स्तर पर भी क्रास कंट्री रेस और हॉकी कराई जाएगी। वहीं 29 अगस्त को देहरादून में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम ऊंचा करने वाले खिलाड़ियों का प्रदेश सरकार सम्मान करेगी। इस सम्मान समारोह में भारतीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट और मानसी जोशी को भी सम्मानित किया जाएगा।
अच्छे खिलाड़ियों की बनेगी सूची
रन फॉर उत्तराखंड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सूची बनाई जाएगी। इसके बाद खिलाड़ियों को सरकारी की ओर से नामित कोचो की ओर से स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि 2018 में होने वाले राष्ट्रीय खेल के लिए खिलाड़ी तैयार हो सकें।
बुधवार को खेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में 29 अगस्त को रन फॉर उत्तराखंड कराने का निर्णय लिया गया है। इस प्रतियोगिता को कराने का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को पहचानते हुए उन्हें उभारना है।
- प्रशांत आर्या, संयुक्त निदेशक खेल