कोतवाली पुलिस ने 500 ग्राम चरस के साथ नगर के दो लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद चरस की कीमत हजारों रुपए बताई जा रही है। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि सीओ मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बृहस्पतिवार को ट्रक यूनियन के पर गश्त पर थी, कि तभी मुखबिर ने दो चरस तस्करों के बाइक पर सवार होकर आने की सूचना दी।
पुलिस ने आरोपियों को बाइक रोकने का इशारा किया लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कोसी रोड निवासी हर्ष अग्रवाल और मोहल्ला पैठपड़ाव निवासी रमेश सिंह बताया।
पुलिस ने इनकी तलाशी ली तो हर्ष के कब्जे से 260 ग्राम और रमेश के कब्जे से 245 ग्राम चरस बरामद की। इन युवकों ने पुलिस को बताया कि वह यह चरस पर्वतीय क्षेत्रों से 20 हजार रुपए में खरीदकर लाए थे। अब वह चरस को महंगे दामों पर मुरादाबाद यूपी के एक युवक को बेचने जा रहे थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने दोनो आरोपियों का एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान किया। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। टीम में एसआई संजय बृजवाल, कांस्टेबल ऐजाज अहमद, मो. शाहिद, नसीम अहमद आदि थे।