हल्द्वानी। पर्यटकों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता केंद्रों के माध्यम से जिला पुलिस एक बुकलेट उपलब्ध कराएगी। बुकलेट में वाहनों का किराया, पुलिस अधिकारियों और थानों के नंबर सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होगी।
पर्यटकों की सहायता के लिए एसएसपी ने एक महत्वपूर्ण बुकलेट तैयार कराया है। इस बुकलेट में आपातकालीन चिकित्सालय, थानों के नंबर, पर्यटन कंट्रोल रूम नंबर, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों का नंबर, पार्किंग के स्थानों के बारे में जानकारी मिलेगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए टैक्सी के किराया की सूची भी दर्शायी गई है ताकि पर्यटकों से कोई चालक अधिक पैसा वसूल न सके। पर्यटकों को बुकलेट में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। यह भी बताया गया है कि यात्रा के समय क्या नहंी करना चाहिए।
एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से पर्यटकों की सुविधा के लिए बुकलेट तैयार कराया गया है। जिले में 22 पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें तीन हल्द्वानी और तीन रामनगर के केंद्र शामिल हैं। कोई परेशानी होने पर पर्यटक पुलिस सहायता केंद्र की मदद ले सकते हैं। पुलिस शिकायत मिलने पर 15 मिनट के अंदर कार्रवाई करने की कोशिश करेगी। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि हल्द्वानी में रोडवेज के सामने, नारीमन तिराहा और भीमताल तिराहे पर उच्चाधिकारियों ने पुलिस सहायता केंद्र बनाने का निर्णय लिया है।
पर्यटकों को पुलिस उपलब्ध कराएगी बुकलेट
हल्द्वानी और रामनगर में बनेंगे छह पुलिस सहायता केंद्र