पतलोट (नैनीताल)। पतलोट में पिकप पलटने से घायल हुए छात्र भुवन सिंह बिष्ट को गंभीर हालत में एसटीएच के डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया है। इससे पहले रविवार को समाजसेवी आन सिंह मटियाली की सूचना पर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और विधायक राम सिंह कैड़ा ने एसटीएच पहुंचकर भुवन का हाल जाना। शिक्षामंत्री ने सीईओ केके गुप्ता को छात्र के इलाज में हरसंभव मदद देने को कहा है।
शुक्रवार को हुए हादसे में भुवन के सीने में चोट लगने के बाद एसटीएच में भर्ती कराया था। जांच में पता चला कि छात्र भुवन के सीने में खून जम चुका है। इस पर एसटीएच के डॉक्टरों ने जमे हुए खून को निकाल कर एक यूनिट खून चढ़ाया था। लेकिन भुवन के सीने के पास कोई नस कटी होने के चलते खून रुक नहीं पा रहा था। इस पर रविवार शाम डॉक्टरों ने भुवन को दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री जगदीश कुमार ने बताया कि भुवन बिष्ट के साथ पिता रमेश सिंह, माता मुन्नी देवी, चाचा गोपाल सिंह, फूफा पान सिंह रैकुनी, गड़गड़ी इंकॉ के शिक्षक रितेश टम्टा, भास्कर पांडे, नरेंद्र भाकुनी, एलएम लोहनी, कुलदीप बिष्ट आदि रहे। छात्र भुवन बिष्ट के दिल्ली अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का खर्चा शिक्षकों ने उठाया है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी घायल छात्रों को हरसंभव मदद पहुंचाने की बात कही है। समाजसेवी आनंद मटियाली ने भी घायल छात्र को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
एसटीएच से घायल छात्र दिल्ली रेफर
शिक्षा मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को छात्र भुवन के परिवार को मदद देने को कहा
पतलोट में पिकप पलटने से घायल हुए थे 11 विद्यार्थी, दो छात्र एसटीएच में थे भर्ती
पसलियों में हो रहा खून का रिसाव
भुवन की पसलियों में चोट लगने से खून अंदर जमा हो गया था। उसकी पसलियों से अभी भी खून का रिसाव हो रहा है। गंभीर हालत को देखते हुए भुवन को दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
- डॉ. अरुण जोशी, चिकित्साधीक्षक एसटीएच