द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कफड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत किरोली के रसोई गैस उपभोक्ताओं ने सिलिंडरों की आपूर्ति किरोली में ही कराने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि गांव के अधिकांश उपभोक्ता 60 साल से अधिक आयु वर्ग के हैं। उन्हें सिलिंडर भराने के लिए उन्हें किमी की दूर कफड़ा जाना पड़ रहा है।
मल्ली किरोली की प्रधान पुष्पा देवी सहित तमाम उपभोक्ताओं ने राजेंद्र इंडियन गैस सर्विस द्वाराहाट के प्रबंधक को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि ग्राम पंचायत किरोली के रसोई गैस उपभोक्ताओं को पूर्व से ही तीन किमी दूर कफड़ा बाजार से सिलिंडर लेने पड़ते हैं। जिसमें अतिरिक्त धन और समय बरबाद होता है। अब किरोली तक पक्की सड़क बन चुकी है, दूसरी तरफ गांव में अधिकांश उपभोक्ता 60 साल से अधिक आयु वर्ग के हैं। जिन्हें सिलिंडर भराने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
समस्या के निराकरण के लिए माह में एक बार किरोलीवासियों के लिए किरोली में ही सिलिंडर की आपूर्ति होनी जरूरी है। ज्ञापन भेजने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह किरौला, धन सिंह, बलवंत सिंह, जीत सिंह, मोहन सिंह आदि शामिल हैं। इधर गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रकाश चंद्र तिवारी ने कहा कि शीघ्र ही स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान किया जाएगा।