हल्द्वानी। उद्योग विभाग के मुखिया की ओर से एडवांस रकम का रवन्ना जारी करने वाली समस्या का जल्द समाधान के आश्वासन के बाद वन निगम ने सोमवार को गौला नदी में खनन ठप करने का फैसला वापस ले लिया है।
वन विकास निगम ने साल 2016-17 में खान महकमे को ई रवन्ना जारी करने के लिए 2,71,63,144 रुपये एडवांस दिए थे। इस रकम का रवन्ना जारी नहीं हो सका। वन निगम ने 2017-18 में एडवांस दी रकम का रवन्ना जारी करने के लिए पत्र लिखा लेकिन खान विभाग ने इंकार कर दिया। पांच बार पत्र लिखने के बाद भी जब रवन्ना जारी नहीं हुआ तो वन निगम सख्त हो गया। वन निगम ने रवन्ना जारी नहीं होने की दशा में 21 मई को नदी में खनन ठप करने की धमकी दी। रविवार को प्रमुख सचिव उद्योग ने वन निगम के एमडी से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को इस समस्या का समाधान किया जाएगा। आरएम एमपीएस रावत ने भी इसकी पुष्टि की है।
खनन बंद करने का जो विवाद था उसे सुलझा लिया गया है। सोमवार को नदी में खनन होगा। एसडीएम और आरएम को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं।
- विनोद कुमार सुमन, डीएम, नैनीताल