रानीखेत (अल्मोड़ा)। महंगाई के विरोध में जिला, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने यहां जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की सरकार न तो महंगाई रोक पा रही है और न ही युवाओं का रोजगार दे रही है। व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हैं, फिर भी बुलेट ट्रेन का सपना दिखाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। तय हुआ कि कांग्रेस तमाम मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
जिलाध्यक्ष महेश आर्या की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से नाकाम रही है। पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। कहा कि सरकार ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर लोगों को गुमराह किया है। आए दिन रेल हादसे हो रहे हैैं, लेकिन सरकार बुलेट ट्रेन का सपना दिखाकर लोगों को छल रही है। बाद में गांधी चौक पर कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार का पुतला फूंका, तय हुआ कि सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनता के साथ संघर्ष करेगी। वहां पर नगर अध्यक्ष कैलाश पांडे, गोपाल देव, उमेश भट्ट, चरन भाई, ललित अस्वाल, विश्व विजय माहरा, सुंदर गोयल, अगस्त शाह, यतीश रौतेला, प्रधान राजेंद्र सिंह बिष्ट सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। ब्यूरो