नैनीताल। राजकीय पॉलीटेक्निक नैनीताल में 26 अगस्त को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के मामले में उत्तराखंड पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ (उपटा) के प्रतिनिधियों की भाजपा नेताओं से वार्ता हुई। इस दौरान भाजपाइयों ने दोबारा ऐसी घटना नहीं होने देने का आश्वासन दिया। इस पर उपटा ने 6 सितंबर से प्रस्तावित कार्य बहिष्कार को रद्द कर दिया।
बता दें कि 26 अगस्त को भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक संविदा कर्मी के रिन्यूवल को लेकर पॉलीटेक्निक कॉलेज में तोड़फोड़ की थी। घटना के विरोध में उपटा के प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश बाबू ने बैठक की थी, जिसमें तय किया गया था कि अगर मामले में 5 सितंबर तक कोई कार्रवाई नहीं होती तो 6 सितंबर से कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
इधर उपटा के संयुक्त सचिव व संस्थान के प्रधानाचार्य एमके सिंह ने कहा कि मामले को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज साह और अन्य नेताओं के साथ वार्ता हुई है। सिंह के मुताबिक भाजपा नेताओं ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी। पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य के साथ हुई वार्ता की पुष्टि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज साह ने भी की है। सिंह ने बताया कि आश्वासन के बाद 6 सितंबर से होने वाले कार्य बहिष्कार को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वार्ता की जानकारी उन्होंने प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश बाबू को भी दे दी है।