हल्द्वानी। देश में एक जुलाई से जीएसटी लागू किया गया। जीएसटी का पहला रिटर्न भरने में देश भर में उत्तराखंड का 22 वां स्थान है, जबकि दूसरा हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश तीसरे और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश सातवें स्थान पर है।
राज्य कर विभाग के मुताबिक प्रदेश में जीएसटी में पंजीकृत कारोबारियों की संख्या 98,783 हैं। इनमें 67,574 कारोबारी वैट से जीएसटी में हस्तांतरित हुए हैं जबकि 12,419 नए कारोबारी पंजीकृत हुए हैं। अब तक 64,207 कारोबारियों ने जीएसटी का पहला रिटर्न भर दिया है। वहीं 36,137 कारोबारियों ने 3 बी रिटर्न भरा है। आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 56.28 प्रतिशत कारोबारियों ने ही रिटर्न भरा है, अभी भी 28,700 कारोबारी रिटर्न नहीं भर सके हैं। इस तरह देश भर में रिटर्न भरने में उत्तराखंड को 22 वां स्थान प्राप्त हुआ है। इधर, राज्य कर अधिकारियों का दावा है कि रिटर्न भरने को लेकर कारोबारियों को प्रेरित किया जा रहा है, जीएसटी में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जीएसटी हेल्प डेस्क व हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया गया है।