बरेली-लालकुआं रूट पर बड़ी लाइन बन जाने से अब चार महत्वपूर्ण ट्रेनों का रूट दिसंबर से बदल जाएगा। ये ट्रेनें अब बरेली-रामपुर-लालकुआं के बजाय बरेली-भोजीपुरा-लालकुआं मार्ग पर चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों में कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस, काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस, हावड़ा-लालकुआं सुपर फास्ट एक्सप्रेस, लालकुआं-हावड़ा सुपर फास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार 19 दिसंबर से कानपुर सेंट्रल से निकलने वाली कानपुर सेंट्रल- काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस बरेली जंक्शन 11:50 बजे, भोजीपुरा 12:34 बजे, बहेड़ी 12:59 बजे, किच्छा 13:16 बजे, लालकुआं 13:50 बजे, हल्द्वानी 14:27 बजे होते हुए काठगोदाम 14:50 बजे पहुंचेगी। 18 दिसंबर से काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस काठगोदाम से 19:15 बजे, लालकुआं 20:10 बजे, किच्छा 20:32 बजे, बहेड़ी 20:49 बजे, भोजीपुरा 21:21 बजे से बरेली जंक्शन 23:00 बजे पहुंचेगी। 15 दिसंबर से हावड़ा-लालकुआं सुपर फास्ट एक्सप्रेस बरेली 5:07 बजे से किच्छा 6:25 बजे होते हुए लालकुआं 7:10 बजे आएगी। 16 दिसंबर से लालकुआं-हावड़ा सुपर फास्ट एक्सप्रेस लालकुआं 19:20 बजे चलकर किच्छा 19:43 बजे होते हुए बरेली जंक्शन 21:25 बजे पहुंचेगी।
अब ये चार गाड़ियां रुद्रपुर होते हुए नहीं जाएंगी। बड़ी लाइन शुरू होने की वजह से दिसंबर से ट्रेनों के रूट में बदलाव होगा। अन्य स्टेशनों में गाड़ियों के समय में बदलाव नहीं किया गया है।
चयन रॉय, स्टेशन अधीक्षक, काठगोदाम