हल्द्वानी। लकड़ी तस्करों ने गौलपार में बनाये जा रहे चिड़ियाघर की जमीन पर लगे खैर के 40 पेड़ काट डाले। मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गौलापार स्थित चिड़ियाघर तराई पूर्वी वन विभाग के अंतर्गत आता है। यहां खैर के पेड़ लगे हुए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने जब यहां का दौरा किया तो पता चला कि तस्करों ने खैर के पेड़ों को काट डाला है। कटे हुए पेड़ों को गिना गया तो इनकी संख्या 40 निकली। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 30 नवंबर की रात तस्करों ने यह पेड़ काटे हैं। एसडीओ डीएस मर्तोलिया ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।