भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा संवाद में करीब 40 सवाल पूछे गए। युवाओं ने चिकित्सा शिक्षा, सुपर स्पेशलिटी सीट और स्टाइपेंड से लेकर पेपर लीक, रोजगार, नई शिक्षा नीति, पलायन, राजनीति और समय प्रबंधन से जुड़े प्रश्न उठाए। सवालों में आज की जेनजी की बदलती प्राथमिकताएं भी नजर आईं।
एमबीबीएस छात्र निमेष शर्मा ने देश में सुपर स्पेशलिटी पीजी सीटें बढ़ाने का अनुरोध किया। नितिन नवीन ने कहा कि देश में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और एमबीबीएस सीटें बढ़ाई जा रही हैं। सुपर स्पेशलिटी सीटें बढ़ाने पर भी काम चल रहा है। अभी मेडिकल क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना प्राथमिकता है।
पेपर लीक के सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि सामने आ रहे पुराने मामलों में कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों को जेल भेजा गया है और कड़े कानून बनाए गए हैं। राजनीति में आने के सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि राजनीति बुरी चीज नहीं है लेकिन युवा जिस भी क्षेत्र में जाएं, समर्पण और निरंतरता के साथ काम करें। समय प्रबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी के पास 24 घंटे होते हैं। युवाओं को दिन की प्राथमिकताएं पहले तय कर उसी के अनुसार समय का प्रबंधन करना चाहिए।
बीएड छात्रा के प्राथमिक शिक्षा और नई शिक्षा नीति से जुड़े सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बदलाव की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं पलायन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। होमस्टे, होटल समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रिवर्स पलायन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
युवाओं के हर सवाल का लिखित जवाब देंगे सीएम
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं ने जो भी सवाल पूछे हैं, उन सभी के जवाब उन्हें लिखित रूप में दिए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर जुड़े रहने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके सवालों के जवाब दिए जाएंगे।
छात्र बोले- सकारात्मक पहल
-शुरुआत में मैं संवाद को लेकर काफी नर्वस थी। जब संवाद शुरू हुआ तो उसके बाद अच्छा लगा। प्रश्नों के उन्होंने अच्छे से जवाब दिए। इस संवाद से छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के नेता से सीधे जुड़ने का मौका मिला। - पावनी पंत, मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी
- नौकरी और शिक्षा को लेकर युवाओं ने सवाल जवाब किए। राष्ट्रीय नेता के बीच यह पहला संवाद था, जिससे आत्मविश्वास भी जागा और प्रेरणा भी मिली। - पूर्वा पंत, पैरामेडिकल कॉलेज हल्द्वानी।
- संवाद से युवाओं को अच्छा अनुभव मिला। सभी छात्रों ने अपने-अपने मुद्दे सामने रखे। उन्हें अपने सवालों के जवाब भी मिले। उन्होंने दोनों नेताओं को ऊर्जावान बताया। यह छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर था। - रुद्राक्ष पाठक, ग्राफिक एरा
- मुख्यमंत्री से संवाद भी अच्छा रहा। सभी साथियों ने उनसे प्रश्न पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी को लिखित में जवाब देने की बात कही। युवाओं को ऐसे अवसर कम मिलते हैं। - अंश कौशल, पाल कॉलेज