रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार को समाप्त हो गईं। अब बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि इस साल 2,16,373 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। हाईस्कूल में 1,12,679 व इंटर में 1,03,442 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक हुईं।
परीक्षा संपन्न होने के बाद 29 मूल्यांकन केंद्रों में 27 मार्च से 10 अप्रैल तक मूल्यांकन किया जाएगा। इस साल 3662 शिक्षक 11,84,815 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेंगे। इसमें 1937 शिक्षक हाईस्कूल की 6,70,028 और 1725 शिक्षक इंटरमीडिएट की 5,14,787 कॉपियां जांचेंगे। मूल्यांकन का कार्य सीसीटीवी की निगरानी में किया जाएगा। मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-
बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन 24441 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की शुक्रवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंतिम परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा में 24441 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 23,877 छात्र-छात्राओं ने एग्जाम में भाग लिया जबकि 564 ने परीक्षा छोड़ दी।