रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षा के तीसरे दिन 3381 परीक्षार्थियों ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अलग-अलग विषयों की परीक्षा छोड़ दी। इसमें हाईस्कूल में 3359 जबकि इंटरमीडिएट 22 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि मंगलवार को इंटरमीडिएट में हिंदुस्तानी संगीत (गायन), हिंदुस्तानी संगीत (मैलोडिक वादन) जबकि हाईस्कूल में हिंदी की परीक्षा हुई। बताया कि इंटरमीडिएट में 833 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। 811 ने परीक्षा दी जबकि 22 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं हाईस्कूल में 111936 परीक्षार्थियों में 108577 ने परीक्षा दी जबकि 3359 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। संवाद