हल्द्वानी/नैनीताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर डीआईजी अजय जोशी ने मंडल के 12 इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया है। बीते चार सालों के दौरान तीन साल से एक ही जिले में तैनात इंस्पेक्टरों को हटाकर दूसरे जिले में भेजा गया है। इनमें नैनीताल जिले के तीन थाना प्रभारी भी शामिल हैं। एसआईटी प्रभारी की भी नियुक्त की गई है।
अल्मोड़ा जिले में तैनात इंस्पेक्टर संजय गर्ब्याल को ऊधम सिंह नगर भेजा गया है। अजय लाल साह को अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ और ध्यान सिंह को पिथौरागढ़ से नैनीताल भेजा गया है। उमेद सिंह दानू को भवाली से ऊधम सिंह नगर, नरेश चौहान को कालाढूंगी से बागेश्वर, नित्यानंद पंत को लालकुआं से अल्मोड़ा भेजा गया है। मल्लीताल कोतवाली के एसएचओ विपिन चंद्र पंत का पूर्व में ऊधम सिंह नगर हुआ तबादला संशोधित कर दिया गया है, अब उन्हें चंपावत जिले में भेजा गया है।
ऊधम सिंह नगर से इंस्पेक्टर बलजीत भाकुनी को प्रभारी एसआईटी बनाया गया है। वह डीआईजी कैंप कार्यालय हल्द्वानी से संबद्ध किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर मेें तैनात आशुतोष कुमार सिंह, योगेश उपाध्याय को नैनीताल भेजा गया है। ओमप्रकाश को ऊधम सिंह नगर से पिथौरागढ़, दौलत राम वर्मा को ऊधम सिंह नगर अल्मोड़ा भेजा गया है।