हल्द्वानी। छोटी दीपावली पर भी बाजारों में बड़ी रौनक रही। शहर के मुख्य बाजार समेत मोहल्लों की दुकानों में भी खरीदार पहुंचे। धनतेरस के बाद छोटी दीपावली पर उमड़ी भीड़ से कारोबारियों में खुशी का माहौल है। इस दिन भी 30-35 करोड़ के कारोबार होने का अनुमान है।
छोटी दीपावली पर बर्तन बाजार, मीरा मार्ग, कारखाना बाजार, पटेल चौक में मंगलवार को खरीदारों की भीड़ टूटी। दीये, मोमबत्ती, रुई, ऐपण, रंगोली, खील खिलौने, बताशे, घरेलू सजावट का सामान, बर्तन, सोना चांदी की दुकानों में भी जमकर खरीदारी हुई। हालत यह थी कि बाजार में पैर रखने की भी जगह नहीं थी। वहीं नैनीताल रोड स्थित सोने चांदी के शोरूम, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्रांडेड कपड़े, जूते के शोरूम में भी ग्राहकों की चहल पहल रही। धनतेरस के बाद छोटी दीपावली पर भी 30 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान है।
मिठाई की दुकानों पर लगी रही कतार
दीपावली पर मुंह मीठा करने और कराने वालों की मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। मीरा मार्ग, नैनीताल रोड, मंगलपड़ाव, सिंधी चौक पर मिठाई की दुकानों में खरीदारों ने जमकर खरीदारी की हालांकि दुकानों के बाहर वाहन आड़े-तिरछे खड़े होने से जाम लगा रहा। छोटी दीपावली पर भी शहर में 20-25 लाख रुपये की मिठाई बिकने का अनुमान है।
आतिशबाजी में भी हुआ बिक्री धमाका
सुप्रीम कोर्ट के सिर्फ दो घंटे ही आतिशबाजी करने के आदेेश के बावजूद इस बार आतिशबाजी की जमकर बिक्री हुई है। रामपुर रोड स्थित बड़े दुकानदारों की हालत यह थी कि वे ग्राहकों को नहीं संभाल पा रहे थे। रामलीला मैदान में भी नैनीताल समेत अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ के लोगों ने खरीदारी की। करीब 60-70 लाख रुपये की आतिशबाजी बिकने का अनुमान है।