हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा ग्रीष्मकालीन सत्र 2018 -19 के लिए चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों व पुराने सभी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्र अध्ययन केंद्रों में 15 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क और 29 सितंबर, 2018 तक 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश ले सकते हैं। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डा. राकेश रयाल ने दी।
उन्होंने कहा कि अब तक विश्वविद्यालय में 13,120 छात्र-छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं। कुल 20 हजार अभ्यर्थी प्रवेश के लिए बैंक चालान से प्रवेश शुल्क जमा कर चुके हैं। डा. रयाल ने कहा कि नए छात्रों के लिए बीए, बीबीए, बीसीए, एमए शिक्षा शास्त्र में प्रवेश शुरू कर दिए गए हैं। पुराने सभी छात्र-छात्राएं द्वितीय-तृतीय कक्षा व सेमेस्टर में प्रवेश ले सकते हैं। जिन छात्रों के परीक्षा परिणाम अभी तक नहीं आए हैं वे भी दूसरी कक्षा में प्रवेश ले सकते हैं। डा. राकेश रयाल ने कहा कि यूजीसी से शेष पाठ्यक्रमों की मान्यता मिलने पर उनमें भी प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है। इनकी मान्यता के लिए विश्वविद्यालय द्वारा यूजीसी में प्रति आवेदन भेजा गया है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डा. एमएम जोशी ने बताया कि शीतकालीन सत्र 2018 के विद्यार्थियों के लिए सत्रीय कार्य जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी गई है।