हल्द्वानी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को 25 हजार की आबादी से कोई लेना-देना नहीं है। डीएम के आदेश के बाद ट्रंचिंग ग्राउंड में आग बुझाने प्रशासनिक अमला मंगलवार को पहुंचा। स्लाटर हाउस की आग बुझाई। ट्रंचिंग मैदान में कुछ कूड़ा जेसीबी से पलटा, दो गाड़ियां पानी डाला और चलते बने।
ट्रंचिंग मैदान की आग से इंदिरानगर की 25 हजार की आबादी परेशान हैं। वे लोग ट्रंचिंग ग्राउंड की आग बुझाने, नैनीताल-भवाली का कूड़ा हल्द्वानी आने से रोकने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने भी ट्रंचिंग मैदान पहुंचकर इसका निरीक्षण किया था। डीएम को आग बुझाने, नैनीताल-भवाली का कूड़ा हल्द्वानी में डालने से रोकने को कहा था। मंगलवार को डीएम के आदेश पर एडीएम हरवीर सिंह, नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया, भवाली के ईओ ट्रंचिंग मैदान पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले स्लॉटर हाउस के बगल में लगी आग को बुझाया। इसके बाद जेसीबी की मदद से ट्रंचिंग मैदान का कुछ कूड़ा पलटवाया। साथ ही दो टैंकर से पानी डालकर वहां से चलते बने। उसके बाद भी ट्रंचिंग मैदान में आग धधकती रही।
एडीएम बोले
हल्द्वानी। एडीएम हरवीर सिंह ने बताया कि आग पानी से नहीं बुझ सकती है। इसके ऊपर मिट्टी डालनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग से ट्रंचिंग मैदान के पीछे खोदने की अनुमति मांगी जाएगी। इसकी मिट्टी मैदान में फैले कूड़े में डाली जाएगी और गड्ढे में कूड़ा डाला जाएगा।
स्लाटर हाउस के ठेकेदार को नोटिस
गंदगी फैलाने और स्लॉटर हाउस के बाहर मांस के टुकड़े फेंकने पर नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने स्लॉटर हाउस के ठेकेदार को नोटिस भेजा है। साथ ही स्लॉटर हाउस के मांस के टुकड़ों को नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश भी दिए हैं।
बैठक से अधिकारी ही हुए गायब
हल्द्वानी। डीएम के निर्देश पर बुलाई गई बैठक में नैनीताल के ईओ ही नहीं पहुंचे। उधर, अधिकारियों ने ईओ के नहीं पहुंचने का हवाला देते हुए बैठक ही स्थगित कर दी। अब नौ मार्च को दोबारा बैठक बुलाई गई है।
नैनीताल और भवाली का कूड़ा हल्द्वानी के ट्रंचिंग मैदान में डालने को लेकर इंद्रानगर जन विकास समिति विरोध कर रही है। इस मामले में अब नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश भी कूद चुकी हैं। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के दबाव के कारण डीएम ने मुख्य नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया को बैठक बुलाने के निर्देश दिए थे। बैठक मंगलवार को 11 बजे नगर निगम में तय की गई थी। डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम हरवीर सिंह शामिल हुए। बैठक में भवाली के ईओ तो शामिल हुए, लेकिन नैनीताल के ईओ नहीं पहुंचे इसलिए बैठक स्थगित कर दी गई। हालांकि बैठक में नैनीताल के ईओ के प्रतिनिधि मौजूद थे।
नैनीताल का कूड़ा रामनगर भेजने की तैयारी
हल्द्वानी में नैनीताल का कूड़ा डालने का विरोध शुरू हो गया है। पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में अब प्रशासन के अधिकारी नैनीताल का कूड़ा रामनगर के ट्रंचिंग मैदान में डालने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो वैकल्पिक व्यवस्था न होने तक नैनीताल का कूड़ा रामनगर में डाला जा सकता है।