हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में बच्ची की मौत के बाद पुलिस महकमे की नींद टूटी है। अब भारी वाहनों के शहर क्षेत्र में घुसने के लिए एसएसपी ने नए निर्देश जारी किए हैं। सुबह सात से साढ़े आठ बजे तक स्कूल खुलने और स्कूल बंद होने के समय 10 से 12.30 बजे तक डंपर और ट्रक शहर में नहीं घुस पाएंगे। किसी भी ट्रक और डंपर को शहर और स्कूल के आस पास चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रकों और डंपरों की तकनीकी जांच के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी के अनुसार डंपर, ट्रक और टैक्सी चालकों के नाम पते की सूची तैयार की जाएगी। मालिकों की सूची भी थाना और चौकियों में रहेगी। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना होने पर तुरंत चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। एसएसपी ने एसआईएमटी, प्रभारी निरीक्षक यातायात, प्रभारी निरीक्षक सीपीयू एवं आरटीओ द्वारा डंपर और ट्रकों की तकनीकी जांच के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी के अनुसार यदि कोई डंपर या ट्रक में कमी पाई जाती है तो चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध कानूनी की जाएगी। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर डंपर एवं ट्रकों को सड़क पर वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी ।
स्कूल खुलने और बंद होने के वक्त नहीं चलेंगे डंपर और ट्रक
तकनीकी जांच के लिए चलेगा अभियान, काठगोदाम हादसे के बाद जागा पुलिस महकमा