रानीखेत (अल्मोड़ा)। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच पर्यटन नगरी का मौसम सुहावना हो गया है। सोमवार रात और मंगलवार दोपहर को हुई बारिश के चलते लोगों को सूखी ठंड से निजात मिल गई है, हालांकि बारिश के बाद ठंड में इजाफा हो गया है। बारिश के बाद प्रशासन ने नगर में अलाव की व्यवस्था कर दी है। नगर के विभिन्न चौराहों पर अलाव जलते देखे गए।
इससे श्रमिकों और बाहर से नगर में पहुंचे लोगों को ठंड से राहत मिली। लंबे समय से क्षेत्र में बारिश नहीं हुई थी, जिस कारण सूखी ठंड के चलते लोग परेशान थे। मौसम विभाग भी बार-बार बारिश होने की संभावना जता रहा था। आखिरकार लोगों को सोमवार रात हल्की बारिश होने से राहत मिली। मंगलवार सुबह धूप खिली थी, लेकिन दोपहर बाद बारिश फिर बारिश हुई। बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिले हुए थे। लोगों को उम्मीद है कि शीघ्र ही अच्छी बारिश होगी।