द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। दूनागिरि मंदिर से ट्रस्ट को खारिज करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। जनसमर्थन जुटाने के लिए आंदोलनकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण शुुरू कर दिया है। आंदोलनकारी ग्रामीणों के सम्मुख बात रखेंगे और ट्रस्ट को खत्म करने के लिए एकजुटता का आह्वान करेंगे।
नगर पंचायत प्रांगण में सर्वदलीय संघर्ष समिति का आंदोलन 15वें दिन में प्रवेश कर गया है। सभा में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि एक पखवाड़े से आंदोलन चल रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन के नुमाइंदे आंदोलन की उपेक्षा कर रहे हैं। एक साल पूर्व भी इसी तरह से आंदोलन चलाया गया था, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने झूठे आश्वासन देकर गुमराह किया और आंदोलन खत्म करा दिया। इधर, आंदोलनकारियों की टुकड़ियों ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण शुरू कर दिया है। गांव-गांव जाकर ट्रस्ट की हकीकत बताई जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा जाएगा।
इधर आंदोलन को समर्थन देने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि मंदिर से ट्रस्ट को खारिज कर वहां पूर्व की तरह प्रशासनिक व्यवस्था बहाल होनी जरूरी है। कहा कि इस संबंध में तमाम अभिलेेख प्रशासन को दे दिए गए हैं, इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होना व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर रहा है। धरने पर महेश त्रिपाठी, जीवन सिंह, भीम सिंह, भुवन चौधरी सहित तमाम लोग बैठे।