भीमताल (नैनीताल)। ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार की देर शाम रंगारंग कार्यक्रमों के साथ पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन शुरू हो गया है। इस मौके पर पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मौजूदा विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करते हुए व्यावसायिक जीवन में कामयाबी के मंत्र बताए। इस मौके पर ग्राफिक एरा समूह के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
इससे पूर्व विद्यार्थियों ने विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों का परंपरागत ढंग से स्वागत किया। कारपोरेट जगत में काम कर रहे रणधीर सिंह, गुरपाल सिंह, भारत भूषण, अंकित बंसल, तुषार शर्मा, गुरदीप सिंह, जसप्रीत सिंह, शिवम श्रीवास्तव आदि ने बताया कि विद्यार्थियों को नई तकनीकों के व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ ही टीम भावना को जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पाने के लिए कठिन परिश्रम के साथ ही शौक की तरह करना जरूरी है। शाम को रंगारंग कार्यक्रमों में स्मृति अरोरा, वीरमनदीप कौर, शिवानी पांडे ने सरस्वती वंदना की। पाश्चात्य नृत्य में नारायण पांडे, अंजली नेगी के समूह, कुमाऊंनी नृत्य में प्रदीप सिंह और अपूर्वा बिष्ट के समूह ने खूब धमाल मचाया। इसके अलावा भांगड़ा आदि भी हुए। इस मौके पर रामलीला मंचन और विद्यार्थियों द्वारा तैयार 27 फुट के रावण का दहन किया गया। वहां विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय जसोला, भीमताल परिसर के निदेशक प्रोफेसर अनिल कुमार बालिगा, डीन डॉ. आरसीएस मेहता, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मनोज लोहानी आदि थे।