हल्द्वानी। दिल्ली रूट पर कांवड़ यात्रा के कारण जाम लग रहा है। इस वजह से रोडवेज की 30 से अधिक बसें आठ से 10 घंटे देरी से गंतव्य तक पहुंची। इस बीच यात्रियों को भोजन-पानी की समस्या का सामना भी करना पड़ा।
शनिवार को यूपी में कांवड़ यात्रा के कारण मुख्य रास्ते बंद रहे। इस पर बसों को दूसरे रास्तों से हल्द्वानी, दिल्ली को भेजा गया। दिल्ली रूट पर कुमाऊं क्षेत्र की 30 से अधिक बसें जाम में फंसी होने के कारण देरी से पहुंच पाईं। बसें देरी से हल्द्वानी आने के कारण सुबह 10 बजे, दोपहर 12 बजे और ढाई बजे की वॉल्वो भी दिल्ली के लिए नहीं भेजी जा सकी। हल्द्वानी डिपो के एआरएम सुरेंद्र बिष्ट और काठगोदाम डिपो के स्टेशन इंचार्ज डीएन जोशी ने बताया कि रास्ते डायवर्ट होने से बसें छह से आठ घंटे देरी से पहुंच रही हैं। सवारी कम होने से हल्द्वानी से भी बसें भरने में समय लग रहा है। 30 बसें छह से आठ घंटे जाम में फंस रही हैं।