रामनगर/भीमताल। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन 2532 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 97530 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भगा लिया। परीक्षा प्रदेश के 1261 केंद्रों में कराई गई। दूसरे दिन भी परीक्षा के दौरान कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि सोमवार को हाईस्कूल में हिंदुस्तानी संगीत (मैलोडिक वादन) और टंकड़ (अंग्रेज़ी, हिंदी) की परीक्षा हुई। इंटरमीडिएट हिंदी और कृषि हिंदी (केवल कृषि भाग 2 के लिए) परीक्षा हुई। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में 99885 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 97357 ने परीक्षा में भाग लिया जबकि 2528 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं हाईस्कूल में 177 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 173 ने परीक्षा में भाग लिया और चार परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को इंटरमीडिएट में हिंदुस्तानी संगीत (गायन), हिंदुस्तानी संगीत (मैलोडिक वादन), हिंदुस्तानी संगीत (पर्कसन वादन), हाईस्कूल में हिंदी की परीक्षा होगी।
इंटरमीडिएट में हिंदी की परीक्षा में नैनीताल जिले में पंजीकृत 8352 परीक्षार्थियों में 8240 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 112 परीक्षार्थी नहीं पहुंचे। कृषि हिंदी में पंजीकृत सभी 38 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने बताया सोमवार को इंटरमीडिएट में हिंदी और कृषि हिंदी की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
हिंदी का सरल प्रश्नपत्र देख खिले परीक्षार्थियों के चेहरे
नैनीताल। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर और सीआरएसटी इंटर कॉलेज में बनाए गए केंद्रों में तीन सौ विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी। अधिकतर परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था। परीक्षार्थी अनिल ने बताया परीक्षा से पहले डर लग रहा था। पेपर मिलने के बाद सभी प्रश्न आसानी से हल कर लिए। मीनाक्षी ने बताया कि प्रश्नपत्र बेहद आसान था। संवाद