हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने पहुंच रहे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को जरूरत पड़ने पर इलाज की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने के साथ कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। आठ अलग अलग खेलों के लिए 25 चिकित्सकों को जिम्मेदारी दी गई है।
सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को देखते हुए विभाग के 25 चिकित्सकों को खिलाड़ियों के इलाज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया कि सीएमओ कैंप कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है जहां सुबह, दोपहर और शाम की शिफ्ट में प्रतिदिन छह चिकित्सक बारी-बारी से मौजूद रहेंगे। डॉ. पंत ने बताया कि जरूरत पड़ने पर चिकित्सकों को होटलों में भेजकर अथवा खिलाड़ियों को अस्पताल लाकर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
राजकीय मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। बताया कि फिजियोथैरिपी और सर्जरी विभाग के डॉक्टरों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।