झूलाघाट में काली नदी के ऊपर प्रस्तावित मोटर पुल के लिए चयनित जगह।
- फोटो : स्रोत: पुल निर्माण समिति
भारत के साथ ही भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले की जनता पिछले 24 वर्षों से झूलाघाट में काली नदी पर मोटर पुल की राह देख रही है। पुल बनने से पिथौरागढ़ के व्यापारियों को भी लाभ होगा। पूर्व में दोनों देशों के बीच पुल निर्माण की सहमति बनी। बाद में यह मामला अधर में लटक गया। अब नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे पर लोगों को सीमा पर मोटर पुल निर्माण की उम्मीद जगी है।
उद्योग वाणिज्य संघ बैतड़ी के अध्यक्ष और झूलाघाट मोटर पुल निर्माण समिति के संयोजक नर बहादुर चंद ने बताया कि 24 वर्ष पहले पुल निर्माण समिति ने पुल निर्माण के पक्ष में बैतड़ी जिले के 10 हजार लोगों का हस्ताक्षर युक्त पत्र नेपाल सरकार और भारतीय राजदूतावास को भेजा गया।
आठ वर्ष पूर्व नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन दिया। इसके बाद बैतड़ी के लोगों ने जिला कार्यालय में 37 दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा, पुष्प कमल दहाल, केपी ओली, बाबुराम भट्टाराई भी अपने बैतड़ी भ्रमण के दौरान झूलाघाट में मोटर पुल बनाने का वादा कर चुके हैं, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
नेपाल के सीमावर्ती जिलों के साथ ही पिथौरागढ़ को भी मिलेगा लाभ
मोटर पुल बनने से बैतड़ी के साथ ही डडेलधुरा और दार्चुला जिले के लोगों को भारत से बड़े स्तर पर व्यापार करने का अवसर मिलेगा। सीमावर्ती भारतीय बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के व्यापारियों और अन्य लोगों को भी फायदा होगा। पुल बनने से बैतड़ी के ग्राहक सीधे अपनी गाड़ियों से पिथौरागढ़ बाजार पहुंच सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, गुणवत्तायुक्त उत्पाद कम कीमतों पर हासिल हो पाएंगे। इस सबके बीच सभी की नजरें अब 22 नवंबर को प्रधानमंत्री बालेंद्र के भारत दौरे पर लगी हैं। नर बहादुर चंद कहते हैं हमें भरोसा है कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह मोटर पुल निर्माण संबंधी बातचीत भारत के साथ आगे बढ़ाकर बैतड़ी वासियों की सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।
पीएम मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई थी मोटर पुल निर्माण की घोषणा
तीन वर्ष पूर्व भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में अपने समकक्ष पुष्प कमल दहाल के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में झूलाघाट मोटर पुल की घोषणा की गई थी। भारतीय सर्वेक्षण टीम ने तय किया कि नेपाल में झूलाघाट के मौरा टैक्सी स्टैंड से नेपाल एपीएफ शिविर के आसपास तथा भारतीय क्षेत्र झूलाघाट में एसएसबी शिविर के ऊपर दूसरी सड़क से लगभग 500 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। तब से यह मामला लटका हुआ है। वहीं धारचूला के छारछुम में मोटर पुल और अन्य जगहों पर झूला पुलों का निर्माण कर लिया गया है।